नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को राघोपुर प्रखंड के बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया। रुस्तमपुर घाट से टेंट और कुर्सी लगी नाव पर तेजस्वी यादव अन्य लोगों के साथ राघोपुर की ओर रवाना हुए। उन्होंने प्रखंड के सैदाबाद, बहरामपुर, राघोपुर, जुड़ावनपुर समेत कई पंचायतों का दौरा किया। कई जगहों पर वे बाढ़ पीड़ितों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। बाढ़ पीड़ितों से उन्होंने कहा कि जल्द ही आपको सूखा राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

बाढ़ पीड़ितों ने नेता प्रतिपक्ष को बताया कि पिछले 10 दिनों से पूरा प्रखंड बाढ़ की चपेट में है। घरों में पानी घुसा हुआ है। प्रशासन की ओर से यहां अभी तक नाव उपलब्ध नहीं कराई गई है। सामुदायिक रसोई की भी शुरुआत नहीं हुई है। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने नाराजगी जाहिर की। मौके पर मौजूद बीडीओ ललन चौधरी को फटकार लगायी। उन्होंने शीघ्र बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत कार्य चलाने और सरकार की ओर से उपलब्ध करायी जा रही सभी सुविधाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।

 

Facebook Comments