उत्‍तर प्रदेश के आगरा में रिवॉल्वर के साथ वीडियो बनाने वाली सिपाही प्रियंका मिश्रा का इस्‍तीफा मंजूर हो गया है। उन्‍होंने 12 दिन पहले इस्तीफा दिया था जिसे रविवार को एसएसपी मुनिराज जी. ने मंजूर कर लिया। प्रियंका का कहना था कि सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट से परेशान होकर वह इ‍स्‍तीफा दे रही हैं।

गौरतलब है कि वीडियो वायरल होने के बाद प्रियंका इस मामले में लाइन हाजिर चल रही थीं। वह पुलिस लाइन में ड्यूटी दे रही थीं। इस्‍तीफा मंजूर होने के बाद अब वह ड्यूटी नहीं कर पाएंगी। प्रियंका कानपुर की रहने वाली हैं। वह वर्ष 2020 में पुलिस विभाग में सिपाही भर्ती हुई थीं। उनकी ट्रेनिंग झांसी में हुई थी। आगरा के थाना एमएम गेट में उनकी पहली तैनाती थी। पिछले दिनों उन्होंने वर्दी में रिवॉल्वर के साथ एक वीडियो बनाया था। इस वीडियो में कॉन्स्टेबल प्रियंका मिश्रा रंगबाजी में यूपी की तुलना पंजाब और हरियाणा से करती दिख रही थीं। वीडियो में प्रियंका यूनिफॉर्म पहनी हुई थीं और हाथ में रिवॉल्‍वर लहरा रही थीं।  जिस ऑडियो पर वह एक्टिंग कर रही हैं उसमें कहा जा रहा है हरियाणा-पंजाब तो बेकार ही बदनाम है, आओ कभी उत्‍तर प्रदेश। रंगबाजी क्‍या होती है, हम तुम्‍हें बताते हैं। 22 सेकेंड के इस वीडियो में वह पूरे समय रिवॉल्‍वर दिखाते हुए नज़र आ रहीं थीं।

वीडियो वायरल होने के बाद यूपी पुलिस की काफी किरकिरी हो रही थी। लोग बावर्दी सिपाही को वीडियो में एक्टिंग करते और उत्‍तर प्रदेश की गलत छवि पेश करते देखकर हैरान थे। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो उच्‍चाधिकारियों को भी इसकी जानकारी मिली। इसके बाद एसएसपी आगरा ने वीडियो में कथित तौर पर दिख रहीं महिला सिपाही प्रियंका मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया।

सोशल मीडिया में हुईं थीं ट्रोल 

वीडियो वायरल होने के बाद प्रियंका के बारे में लोग सोशल मीडिया पर कमेंट कर रहे थे। इससे परेशान होकर उन्‍होंने 31 अगस्त को इस्तीफा दे दिया था। एसएसपी ने पूरे मामले की सीओ सदर से जांच कराई। आरोप है कि इस दौरान प्रियंका गैरहाजिर भी हो गईं। नौ सितंबर को उन्होंने पुलिस लाइन में आमद करा ली। रविवार को भी ड्यूटी की। इसी दिन उनका इस्‍तीफा मंजूर कर लिया गया।

इंस्‍टाग्राम पर 38 हजार पार हुई फालोअर्स की संख्‍या

सिपाही प्रियंका मिश्रा सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके फालोअर्स की संख्‍या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रियंका ने लाइन हाजिर होने के बाद भी उन्‍होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला था। इसमें उन्होंने कहा था कि वह इस्‍तीफा दे रही हैं और अब उन्‍हें परेशान न करें। उस वक्‍त उनके तीन हजार फालोअर्स थे लेकिन रविवार तक उनके 38500 फॉलोअर्स हो गए थे। इंस्‍टाग्राम पर उनके फालोअर्स की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

Facebook Comments