(द बिहार न्यूज़):- रालोसपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व पटना सिटी के प्रसिद्ध ताईक्वोंडो कोच एवं ‘पटना जिला ताईक्वोंडो एसोसिएशन’ के महासचिव जेपी मेहता ने बृहस्पतिवार को आधिकारिक तौर पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। वजह पूछने पर उन्होंने बतलाया कि रालोसपा द्वारा प्रदेश में खेल के विकास व उत्थान का आश्वासन दिया गया था, पर खेल के विकास में पार्टी की निष्क्रियता ही देखने को मिली, जिससे प्रदेश में खिलाड़ियों की खेल भावना भी आहत हुई, वहीं उन्होंने रालोसपा की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) से गठबंधन को भी पार्टी से हटने की एक वजह बतलाया।

ग़ौरतलब है कि जेपी मेहता की सक्रियता खेल व राजनीति के साथ सामाजिक मुद्दों में भी रही है, इन्हें हाल ही में ऐतिहासिक ‘बिहार हितैषी पुस्तकालय’ के कार्यकारिणी का सदस्य भी बनाया गया है।
भाजपा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जयप्रकाश मेहता के साथ ही बिहार की पहली कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस नेत्री सुमित्रा देवी के भतीजे राकेश नंदन सिंह कुशवाहा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन हाजीगंज स्थित अरोड़ा हाउस में किया गया था, जिसकी अध्यक्षता भाजपा के 184 विस् क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अवधेश कुमार सिन्हा ने की। वहीं इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन व वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजया रहाटकर ने शिरकत की, उन्होंने कहा कि कुछ लोग महिलाओं को देवी मानते हैं तो वहीं कुछ लोग आइटम। इनके निशाने पर कांग्रेस के नेता कमलनाथ थे, ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश में मंत्री व भाजपा नेत्री इमरती देवी को मध्यप्रदेश के ही पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ द्वारा आइटम कहे जाने का मुद्दा अभी भी गर्म है।
विजया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ करते हुए कहा कि राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनायें चलाई हैं, लिहाजा महिलायें इस चुनाव में भाजपा का ब्रह्मास्त्र साबित होंगी। इन्होंने काँग्रेस के नेताओं पर कई गंभीर आरोप भी लगायें और अपने भाषण में ये भी जिक्र किया कि बिहार के लोग ना ही बॉबी हत्याकांड भूले हैं, ना ही भागलपुर कांड।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने भी अपने भाषण में कई स्थानीय मुद्दों को उठाया और पटना साहिब विस् क्षेत्र से नंदकिशोर यादव के पुनः विजय होने की बात कही। इन्होंने अपने भाषण में नीतीश कुमार के सुशासन की भी तारीफ़ की।
इस सभा में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सरोज जायसवाल, प्रदेश सचिव प्रियंका सिंह, व पार्टी के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने शिरकत की।
वहीं कोच जेपी मेहता के समर्थकों के रूप में खिलाड़ियों का एक दल उनके साथ था, सदस्यता ग्रहण समारोह के उपरांत जेपी मेहता भाजपा के पटना सिटी चौक स्थित कार्यालय पहुँचे जहाँ वर्तमान विधायक व प्रदेश के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव से इन्होंने मुलाकात की और उन्हें आगामी विस् चुनाव में जीत की अग्रिम बधाई दी।

Facebook Comments