आर्केस्ट्रा के दौरान फायरिंग करने के मामले में वायरल वीडियो की पुलिस ने पड़ताल की और आयोजन स्थल मदनपुर थाना क्षेत्र के दरभंगा गांव निकला। शुरुआत में यह वीडियो नवीनगर का बताया जा रहा था। पुलिस ने मदनपुर थाना में एक मुकदमा दर्ज किया है, जिसमें मुखिया सहित चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

दर्ज प्राथमिकी में नवीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव निवासी मुखिया प्रिंस प्रताप सिंह, माली थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी बबलू सिंह, नवीनगर थाना क्षेत्र के धोबडीहा गांव निवासी लाल साहेब सिंह और दरभंगा गांव निवासी दिनेश सिंह को अभियुक्त बनाया गया है। इसके अलावा अज्ञात लोगों पर भी मुकदमा दर्ज हुआ है। प्राथमिकी में कहा गया है कि 22 जुलाई को दरभंगा गांव में दिनेश सिंह के यहां बच्चे के जन्मदिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान बाहर से नर्तकियों को बुलाया गया था। नाच के दौरान ही बेलाई पंचायत के मुखिया प्रिंस प्रताप सिंह मंच पर चले गए और वहां नाचने के दौरान पिस्टल से फायरिंग की।

थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि नवीनगर थाना से सूचना मिली थी कि हर्ष फार्यंरग का वीडियो वायरल हो रहा है। जांच में यह बात सही पाई गई। एसआई नरेंद्र प्रसाद को दल-बल के साथ दरभंगा गांव भेजा गया था। वहां से पता चला कि 22 जुलाई को दिनेश सिंह के घर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था जिसमें प्रिंस प्रताप सिंह , बबलू सिंह , लाल साहिब सिंह मौजूद थे। प्रिंस प्रताप सिंह के द्वारा फायरिंग की गई वहीं पिस्टल को बबलू सिंह ने अपने कमर में रख लिया। लाल साहेब सिंह के द्वारा कुर्सी पर बैठकर सिगरेट का धुआं उड़ाया जा रहा था। कुछ अन्य अज्ञात व्यक्ति भी इसमें शामिल हुए थे। कोविड-19 का उल्लंघन करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

दिनेश सिंह की पत्नी ने पूछताछ में जानकारी दी है कि उनकी बेटी का जन्मदिन था जिसको लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ था। मदनपुर थाना में आम्र्स एक्ट और एपिडेमिक एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

 

Facebook Comments