बिहार में गंगा अब खतरनाक संकेत देने लगी है। बक्सर से लेकर कहलगांव तक हर जगह यह नदी लाल निशान से ऊपर चली गयी है। इसी के साथ पुनपुन और सोन दोनों का एक साथ बढ़ना खतरे को और बढ़ा रहा है। पटना में तीनों नदी लाल निशान से पार है। परेशानी यह है कि मंगलवार तक इन तीनों नदियों के और बढ़ने की आशंका है।

गंगा नदी बक्सर में सोमवार को 20 सेमी ऊपर चढ़ी और लाल निशान से 31 सेमी ऊपर चली गई। पटना के गांधी घाट पर यह नदी 13 सेमी ऊपर चढ़कर लाल निशान से 98 सेमी ऊपर चली गई है। दीघा घाट में 14 सेमी ऊपर चढ़कर लाल निशान से 41 सेमी ऊपर बहने लगी है। हाथीदह में 88, भागलपुर में 6 और कहलगांव में 91 सेमी लाल निशान से ऊपर बह रही है। इस नदी का जलस्तर मंगलवार तक सभी जगहों पर 10 से 20 सेमी और बढ़ने की आशंका है।

पटना के लिए खतरा यह है कि नीचे उतरने के बाद पुनपुन फिर से बढ़ने लगी है। पटना के श्रीपालपुर में यह नदी लाल निशान से 40 सेमी ऊपर चली गई। पिछले 24 घंटे में इस नदी का जलस्तर 41 सेमी बढ़ा और और मंगलवार तक 61 सेमी और बढ़ने की आशंका है। सोन भी मनेर में दो दिन से लाल निशान से ऊपर बह रही है। सोमवार को मनेर में यह नदी 33 सेमी लाल निशान से ऊपर है। कल तक 15 सेमी और बढ़ने की आशंका है। उधर कोसी नदी का डिस्चार्ज घटा है। कोसी नदी से बराह क्षेत्र में 98 हजार और बराज पर एक लाख 20 हजार घनसेक पानी मिल रहा है। यह नदी खगड़िया में अब भी लाल निशान से 120 सेमी ऊपर है। गंडक का डिस्चार्ज भी वाल्मीकिनगर बराज पर एक लाख 19 हजार घनसेक है। यह नदी गोपालगंज में लाल निशान से 40 सेमी ऊपर है।

Facebook Comments