कपिल शर्मा अपने शो के दूसरे सीजन के साथ हाजिर हैं। दर्शकों का उन्हें ढेर सारा प्यार मिल रहा है। इस बार शो में थोड़े-बहुत बदलाव किए गए हैं। अभी तक अजय देवगन, अक्षय कुमार, भारतीय हॉकी टीम के सदस्य, धर्मेंद्र और शत्रुघ्न सिन्हा सहित अन्य बड़े नाम मेहमान बनकर पहुंचे हैं। अब जल्द ही शो में कपूर खानदान से ताल्लुक रखने वालीं अभिनेत्री नीतू कपूर अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी के साथ शिरकत करेंगी।

सेट से तस्वीरें की साझा

नीतू कपूर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर सेट से तस्वीरें शेयर कर इसकी जानकारी दी है। तस्वीर में नीतू कपूर के साथ रिद्धिमा और कपिल पोज दे रहे हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा- ‘कपिल शर्मा के साथ हमेशा फन होता है और इस बार मेरी बेटी रिद्धिमा कपूर के साथ और भी ज्यादा मजेदार होने वाला है।‘

मां के साथ जोड़ी

रिद्धिमा ने भी तस्वीरें शेयर की हैं और लिखा- ‘खुद को खुश करने के लिए समय निकालें। मां के साथ कपिल शर्मा शो पर कल सबसे कमाल भरी शाम थी।‘ बता दें कि रिद्धिमा भले ही फिल्मी दुनिया से दूर हैं लेकिन सोशल मीडिया पर वह किसी सेलिब्रिटी से कम नहीं है। वह अक्सर परिवार के साथ की तस्वीरें शेयर करती रहती हैं।

हंसी का तड़का

बता दें कि कपिल शर्मा शो के दूसरे सीजन का प्रसारण 21 अगस्त से शुरू हुआ है। एक बार फिर से शो में कीकू शारदा, भारती सिंह, कृष्णा अभिषेक, चंदन प्रभाकर, सुमोना चक्रवर्ती और सुदेश लहरी हंसाते नजर आ रहे हैं।

Facebook Comments