एक महिला आईपीएस की 12 वर्षीय नाबालिग बेटी से घर में ही काम करने वाले कुक द्वारा दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। इस मामले में आरोपित कुक बच्चा कुमार (53) के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसके बाद मंगलवार की देर रात पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

बताया गया है आरोपित कुक कई साल से महिला आईपीएस के घर में काम कर रहा था। पीड़िता के पिता भी अधिकारी हैं। कुक की मौजूदगी में ही आईपीएस की बेटी का जन्म हुआ था। मंगलवार को किसी काम से पीड़िता की मां अपने पति के साथ बाहर गईं थीं। घर में नाबालिग को अकेले देखकर कुक की नीयत खराब हो गयी। नाबालिग पढ़ रही थी। तभी कुक उसके कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

इसके बाद नाबालिग से बदसलूकी करते हुए गलत नीयत से उसका पैर दबाने लगा। नाबालिग द्वारा गलत हरकतों का विरोध करने पर भी आरोपित नहीं माना। नाबालिग द्वारा जोर-जोर से चिल्लाने पर कुक कमरे से भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने घटना की जानकारी फोन से अपनी मां को दी। यह बात सुनकर महिला आईपीएस के पैरों तले जमीन खिसक गयी और वह भागते हुए घर पहुंची और बेटी से घटना की बिन्दुवार जानकारी ली। बाद में इसकी शिकायत महिला थाने की पुलिस से की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपित कुक बच्चा कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास के साथ ही पॉक्सो एक्ट के तहत महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है़। इसकी पुष्टि महिला थाना प्रभारी किशोरी सहचरी ने की है।

Facebook Comments