जिस पति ने सातों जनम साथ निभाने का वायदा किया, उसी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। सुनने में भले ही अजीब लगे लेकिन यह घटना सत्य है।विवाहिता के साथ उसके पति और दो दोस्तों ने ही शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने मामले को लेकर स्थानीय महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला थानाध्यक्ष ने जीरो एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के लिए गुजरात के सूरत पुलिस को एफआईआर भेज दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक बक्सर जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के एक गांव का एक पति अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। ससुराल वालों के प्रताड़ना से तंग महिला सूरत अपने पिता के पास चली गई। उसके पिता सूरत में निजी कंपनी में कार्य करते थे। पिछले वर्ष 12 अक्टूबर को उसके पति और उसके दो दोस्त सूरत पहुंच गए। वहीं, पर उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए महिला को नशीला पदार्थ खिलाकार उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपितों ने दुष्कर्म की घटना का वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद महिला गर्भवती हो गई। महिला ने न्याय के लिए गांव आकर स्थानीय स्तर पर मदद की गुहार लगाई थी। लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसने महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।

महिला थानाध्यक्ष नीतू प्रिया ने बताया कि घटनास्थल सूरत होने के कारण कानूनी कार्रवाई सुरत पुलिस ही करेगी। मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के लिए एफआईआर की कॉपी सूरत पुलिस को भेज दी गई है।

Facebook Comments