बेखौफ बदमाशों ने शनिवार रात पहले पति को बंधक बनाया और फिर उसकी पत्नी (25 वर्ष) को घर से बुलाकर बंदूक के दम पर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना रात नौ बजे परबत्ती इलाके के गोभीबारी में हुई है। महिला ने देर रात विश्वविद्यालय थाने में कन्हैया यादव और सावन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गयी है। घटना के बाद परबत्ती में सनसनी फैल गयी। दोनों पूर्व में भी कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। विवि थानाध्यक्ष रीता कुमारी ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।

घटना को लेकर पीड़िता के पति ने बताया कि वह ट्रैक्टर ड्राइवर है। शनिवार रात में बच्चे को लेकर सड़क पर घूम रहा था। तभी नशे में कन्हैया और सावन वहां पहुंचा और कहा कि खाने-पीने के लिए 500 रुपये दो। पैसे देने से मना कर दिया तो कन्हैया ने सावन के कमर से बंदूक निकालकर सटा दिया और गाली देते हुए गोभीबारी (एमबीए भवन के पीछे) लेकर जाने लगा। इस बीच अंधेरे का फायदा उठाकर वह भाग निकला। इस बीच सावन ने घर जाकर महिला को बताया कि कन्हैया तुम्हारे पति को गोली मार देगा। मेरे साथ जल्दी चलो।

सीने में बंदूक सटाकर जान मारने की धमकी दी

पीड़िता ने कहा कि सावन के साथ जैसे ही गोभीबारी गयी, तब तक पति वहां से भाग चुके थे। फिर भी वह कन्हैया यादव और सावन का पांव पकड़ती रही कि हमलोगों को माफ कर दो। मगर कन्हैया सीने पर बंदूक सटाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने पुलिस को बताया है कि कन्हैया ने दुष्कर्म किया व सावन से भी दुष्कर्म करने को कहा। इस बीच वह किसी तरह वहां से भागकर एक घर में छुपी। वहीं पर पति ने कपड़ा दिया और हमलोग जान बचाकर थाना पहुंचे।

इलाके में रात्रि गश्ती को बढ़ाया गया 

घटना के बाद परबत्ती क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ा दी गई है। कन्हैया यादव और सावन की तलाश में पुलिस विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। देर रात पुलिस की पीड़िता के घर और घटनास्थल पर जाकर भी जांच की।

गणपति पंडाल में भी जाकर दी धमकी 

परबत्ती इलाके में हुई बमबाजी में भी कन्हैया यादव का नाम सामने आया था। शनिवार को गणपति पूजा के दौरान भी कुछ लोगों को धमकी देने की बात लोगों ने बताई। इलाके में कन्हैया यादव से लोग दहशत में हैं। लोगों ने बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Facebook Comments