chitragupta pooja | The Bihar News

चित्रगुप्त पूजा : कलम के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा आज

9 नवंबर को चित्रगुप्त पूजा की धूमधाम होगी। कलम के आराध्य देव भगवान चित्रगु्प्त की पूरी श्रद्धा-भक्ति से पूजा की जाएगी। पटना में पचास से अधिक जगहों पर भगवान चित्रगु्प्त की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी व आदि चित्रगुप्त मंदिर नौजरघाट में पूजन का विशेष आयोजन होगा।  इस अवसर पर पुरुषों द्वारा अपने आय-व्यय का पूरा ब्योरा भगवान चित्रगुप्त के समक्ष रखा जाएगा। प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन अगले दिन होगा।

बच्चे तक आय-व्यय का व्योरा समर्पित करेंगे
ज्योतिषी इंजीनियर प्रशांत कुमार  के मुताबिक चित्रगु्प्त पूजा पर घर के बच्चे तक अपनी आय-व्यय का व्योरा भगवान को समर्पित करेंगे। इस दौरान महिलाओं द्वारा गोधन कूटा जाता है। बाद में महिलाएं भी पूजा में शामिल होती हैं।

गर्दनीबाग,चित्रगु्प्तनगर में प्रतिमाएं स्थापित होगी
गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी और चित्रगु्प्त आदि मंदिर पटनासिटी में पूजन का विशेष आयोजन होगा। दोनो जगहों पर पूजन में गणमान्य लोग शामिल होंगे। पूजन के बाद सामूहिक समरसता भोज का भी आयोजन होता है। यहां भगवान चित्रगु्प्त की प्रतिमा स्थापित है। चित्रगुप्त महापरिवार की ओर से गर्दनीबाग के न्यू यारपुर में चित्रगुप्त पूजन समारोह का आयोजन होगा। भगवान चित्रगुप्त की  प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पूजन के बाद प्रसाद वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। बैंकमेंस कॉलोनी चित्रगु्प्तनगर में मनोकामना शिव मंदिर परिसर में भगवान चित्रगु्प्त की प्रतिमा स्थापित करके पूजा की जाएगी। संस्थापक मिथिलेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सुबह पूजा होगी और दोपहर में प्रसाद वितरण होगा।

प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन होगा
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में चित्रगुप्त भगवान की प्रतिमाओं का सामूहिक विसर्जन पूजन के अगले दिन होगा। शहरभर की प्रतिमाएं  सहाय सदन बेली रोड पर जमा होंगी और फिर शोभायात्रा निकलेगी और पटनासिटी स्थित चित्रगुप्त मंदिर पहुंचेगी। यहां महाआरती के बाद चित्रगु्प्त घाट पर मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा।

Facebook Comments