कुत्ते को पहनाया था 6 तोले सोने की चेन, गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस

धन संपत्ति का प्रदर्शन करने के लिए लोगों को सोने की चेन पहनते देख सकते हैं, लेकिन किसी कुत्ते के गले में शायद ही आपने सोने की चेन देखी हो। बिहार के बेगूसराय जिले में ऐसे भी लोग हैं जो कुत्ते को सोने की चेन पहनाते हैं।

ऐसा ही एक मामला रतनपुर ओपी के रतनपुर में सामने आया है। यहां बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गई पुलिस टीम कुत्ते के गले में सोने की चेन देखकर हतप्रभ हो गई। लगभग छह तोले की सोने की चेन पहने कुत्ते ने पुलिस टीम पर हमाल कर दिया था। इसमें कुछ पुलिस अधिकारी घायल होने से बाल-बाल बच गए।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि रतनपुर में कुछ बदमाश एक घर में इकट्ठा हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जब छापेमारी की तो बदमाश घर के अंदर खुद को बंद कर लिया। जब बदमाशों को लगा कि वे लोग पुलिस की पकड़ में आ जाएंगे तो उन्होंने कुत्ते को आगे कर दिया। बाद में पुलिस ने किसी तरह कुत्ते पर काबू पाया। इसके बाद बदमाशों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि नगर निगम में हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस लगातार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक जगह छापेमारी के दौरान घर के मालिक का एक कुत्ता था। उसने कुत्ते को सोने की चेन पहना रखी थी। बताया कि फोर्स कुत्ते को हैंडिल करने में सक्षम नहीं थी। इसलिए उसको कमरे में बंद कर छापेमारी पूरी की गई। कहा कि यह जांच का विषय है कि कुत्ते के गले में सोने की चेन कहां से आई। कहा कुत्ते का मालिक इसके लिए जिम्मेवार है। जांच की जा रही है।

Facebook Comments