TBN-patna-bihar-ready-to-make-history-again-the-bihar-news

बाल विवाह व दहेज के खिलाफ मानव शृंखला आज

पटना : बाल विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ आज बिहार में राज्यव्यापी मानव शृंखला बनेगी। यह मानव शृंखला, नेशनल हाइवे, स्टेट हाइवे, जिला, प्रखंड, पंचायत, गांवों की विभिन्न सड़कों और पगडंडियों से होकर गुजरेगी। बिहार में रविवार को बनने वाली मानव शृंखला करीब 13,668 किमी लंबी होगी। इसमें 4.25 से 4.5 करोड़ लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इससे पहले गत 21 जनवरी, 2017 को शराबबंदी के पक्ष में बनी 12,147 किलोमीटर की मानव शृंखला ने विश्व रिकार्ड बनाया था। मानव शृंखला सघन आबादी के बीच से होकर गुजरे इसकी कोशिश अधिक हुई है।

राज्यभर के लोग 12 से 12.30 बजे तक आधे घंटे कतार में एक-दूसरे का हाथ थामकर बिहार सरकार के इस सामाजिक अभियान को अपना समर्थन देंगे। मानव शृंखला को लेकर 11 से 2 बजे तक पूरे राज्य में यातायात व्यवस्था नियंत्रित रहेगी। जरूरी सेवाओं एम्बुलेंस, रोगी वाहन, मीडिया, वीवीआईपी को इससे छूट रहेगी।

बिहार के मुख्यमंत्री इस मानव की शुरुआत करेंगे

मानव शृंखला की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना के गांधी मैदान में 50-50 गुब्बारों के 100 गुच्छों को आसमान में उड़ाकर करेंगे। उनके साथ ही बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के उपसभापति हारुण रसीद, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह समारोह में मौजूद होंगे। सभी जिलों के प्रभारी मंत्री और प्रभारी प्रधान सचिव/सचिव अपने-अपने प्रभार के जिलों में मानव शृंखला का नेतृत्व करेंगे।

राज्य में बाल विवाह एवं दहेज उन्मूलन अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजधानी के बापू सभागार में गत वर्ष 2 अक्टूबर को की थी। इसी मौके पर मुख्यमंत्री ने 21 जनवरी, 2018 को मानव शृंखला बनाने की घोषणा की थी। तभी से तैयारी चल रही थी। मुख्य सचिव खुद तैयारियों की मानिटरिंग करते रहे हैं। मानव शृंखला की 40 ड्रोन से फोटो-विडियोग्राफी होगी। राज्यभर में 16 लाख से अधिक नारे, होर्डिंग और बैनर, रेडियो जिंगल, बसों में गानों की सीडी के माध्यम से इसका प्रचार किया गया है।

सीएम के साथ खड़ी होंगी रोल मॉडल लड़कियां

बाल-विवाह और दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज उठाने वाली लड़कियां मानव शृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगी। इसके लिए पटना जिले की कुल 12 लड़कियों को बुलाया गया है, जो गांधी मैदान में मानव शृंखला में सीएम नीतीश कुमार के साथ खड़ी होंगी। दानापुर की धनवंती, जिसने दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज उठायी। वहीं, प्रियंका और गुड़िया, जिसने बाल-विवाह को ना कह कर समाज में बड़े बदलाव की नींव रखी है। ऐसी कुल 12 लड़कियां हैं, जो रवि वार को सम्मानित भी हाेंगी और समाज के समक्ष इन कुरीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगी। ये सभी लड़कियां सुबह नौ बजे ही गांधी मैदान में पहुंचेंगी और मानव शृंखला में शामिल होंगी।

21 जनवरी, 2017 : शराबबंदी को लेकर बनी थी विश्व की सबसे लंबी मानव शृंखला

इससे पहले पिछले साल 21 जनवरी को शराबबंदी के पक्ष में बनी मानव शृंखला ने कीर्तिमान बनाया था। 12,760 किमी में बनी इस मानव शृंखला में 3,11,08,535 लोग एक दूसरे का हाथ थामे एक कतार में खड़े हुए थे। कई जगहों पर दो से चार कतारें भी बनी थीं, जिससे करीब चार करोड़ लोगों के इसमें शामिल होने का अनुमान था। इसे लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे लंबी मानव शृंखला के रूप में दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़े: बिहार : खतरों का बाईपास, 9 माह, 112 हादसे और 41 मौतें

Facebook Comments