BIHAR : तेज पछुआ हवा से दिन में भी बढ़ी ठंड, रात में भी कनकनी

पछुआ हवा के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान में दो से लगभग चार डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को दिन में भी ठीकठाक ठंड का एहसास हुआ। हालांकि राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम पारा में वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार को न्यूनतम तापमान में सामान्य गिरावट आ सकती है। हालांकि अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहेगा। इसके अलावा उत्तर पश्चिमी बिहार के विभिन्न इलाकों में धुंध छायी रहेगी।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार दोपहर को 12 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चली। जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण पछुआ हवा उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार आ रही है। मंगलवार को हवा की रफ्तार तेज होने से अधिकतम पारा गिरा। पटना का अधिकतम तापमान सोमवार के 24 डिग्री की अपेक्षा 20.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। गया, भागलपुर, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर सहित विभिन्न शहरों के अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट आई।

मौसम विभाग के अनुसार, रात में धुंध के कारण न्यूनतम तापमान बढ़ा है। रात में आसमान साफ होने से न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट आएगी। उधर, मंगलवार को सबसे ठंडा भागलपुर का सबौर रहा। यहां पारा 6.8 पर पहुंच गया।

अधिकतम तापमान गिरा

शहर             सोमवार           मंगलवार

पटना            24.0               20.4

गया              24.2              23.3

भागलपुर       24.0               22.2

पूर्णिया          26.8               24.6

Facebook Comments