खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के बन्नी गांव में विषाक्त प्रसाद खाने से 36 से अधिक ग्रामीण बीमार हो गए। घटना सोमवार शाम की है। लेकिन मंगलवार को तबीयत बिगड़ने पर सबका इलाज शुरू किया गया। अधिकांश बीमार लोगों का इलाज गांव में ही चल रहा है। कुछ का सदर अस्पताल में भी हो रहा है। डॉक्टरों ने सभी को खतरे से बाहर बताया है।

सोमवार को बन्नी पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी के देवर पप्पू पासवान के यहां सत्यनारायण भगवान की पूजा थी। पूजा के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। ग्रामीणों के मुताबिक मंगलवार को प्रसाद खाये लोगों की तबियत बिगड़ने लगी। जी मितलाने और डिहाइड्रेशन की शिकायत होने लगी। ग्रामीण डॉक्टरों ने सबका इलाज शुरू किया। बुधवार की सुबह कुछ बीमार लोग सदर अस्पताल पहुंचे। इसके बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। बीमार

लोगों में बन्नी पंचायत की मुखिया लक्ष्मी देवी, मुखिया पति धीरेंद्र पासवान, सौरभ कुमार, राजा, अमन, अंकित, पंकज, पूजा कुमारी, प्रभात रंजन, निक्की, ममता दवी, भोला कुमार, राहूल, सोनाक्षी, बुधो देवी, पूनम कुमारी, आदित, अवधेश कुमार, काजल, मुन्ना, नीतीश कुमार, शांति देवी, भवानी देवी, रूप देवी, रेणु देवी, सांझो देवी, सीता देवी, मोनिका देवी, कुसमी देवी, आदि हैं। ग्रामीणों के मुताबिक 150 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया था। अधिक मात्रा में प्रसाद खाने वाले बीमार हैं।
ग्रामीण अवधेश कुमार, भोले कुमार, राहूल कुमार आदि का कहना था कि प्रसाद बनाने के लिए लाये गए दूध से गंध आ रही थी। उसी दूध से प्रसाद बना दिया गया। इसलिए प्रसाद खाने से लोग बीमार पड गये। जबकि दूध विक्रेता प्रदीप साह का कहना है वे ताजा दूध दिये थे। दूध मे कुछ गिरने के कारण ऐसा हुआ है।

इधर सीएस डॉ दिनेश कुमार निर्मल ने कहा कि सभी बीमार लोग ठीक है। चिंता की कोई बात नही है। फ़ूड पॉइज़िंग से घटना हुई है।

Facebook Comments